* धधकता दुरन्ता का जंगल, चट्टानी भाग होने से आग बुझाने के प्रयास विफल*
पुष्कर पर्वत न्यूज/राजेन्द्रअसवाल:
पोखरी-नागनाथ:
विकास खण्ड पोखरी के ग्राम पंचायत सिमलासू के दुरन्ता के जंगल में अप्रैल माह में धधकती आग से वन संपदा व वन्य जीवो को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं सारे वातावरण में धुआं ही धुआं होने से सांस लेने में आमजन को दिक्कत हो रही है।साथ ही अस्थमा के रोगी बेचैन है।वन विभाग व ग्रामीण चट्टानी भाग होने से आग बुझाने में विफल चल रहे है। बताते चले कि वर्ष 2021 में भी दुरन्ता के जंगल में लगी आग से वन संपदा व वन्य जीवो को भारी नुकसान हुआ था। शनिवार से ग्राम पंचायत सिमलासू वन पंचायती जंगल के गोदा नामक तोक से लगी आग धधकती हुई दुरन्ता के जंगल तक पहुंच गयी। जिसमें चीड़ के जंगल के साथ अन्य प्रजाति की वन संपदा के साथ ही वन्य जीवो को भी भारी नुकसान हो रहा है। आग बुझाने के लिए ग्रामीण व वन विभाग सक्रिय तो है, लेकिन आग जंगल के चट्टानी भाग में होने के वजह से काबू नही हो रही है। बड़ती आग ने सारे जंगल को अपने आगोश में ले लिया है। आग लगने के कारणो का पता नही चल रहा है। सिमलासू के वन पंचायत सरपंच हनुमंत सिंह असवाल ने बताया कि आग लगने के कारण का पता नही चल रहा है। हांलाकि ग्रामीण व वन विभाग की टीम के सहयोग से जंगल की आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे है। वहीं वन आरक्षी मकर सिंह ने बताया कि आग बुझाने के लिए वे प्रयासरत है, परन्तु चट्टानी भाग पर आग बुझाने जाना असंभव है।

