पाव गांव में शराब पर लगा प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर होगा ₹10 हजार जुर्माना: षुष्कर पर्वत न्यूज/असवाल:
पोखरी(पोखरी) विकासखंड पोखरी के ग्राम पंचायत पाव में महिला मंगल दल ने धार्मिक , सामाजिक व सांस्कृतिक भावनाओ को दृष्टिगत रखते हुए, एक बैठक महिला मंगल दल की अध्यक्ष ज्योति भंडारी एवं ग्राम प्रधान राधी देवी की संयुक्त अध्यक्षता में में आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता बनाए रखने और शराब के बड़ते प्रचलन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में सांस्कृतिक, धार्मिक कार्यो व शादी-विवाह सहित किसी भी सामाजिक आयोजन में शराब पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति गांव में शराब के नशे में पाया गया या शराब से संबंधित नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उससे ₹10,000 का जुर्माना वसूला जाएगा। बैठक में ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील भी की गई। महिलाओं ने बैठक में गांव के वातावरण व समाज को नशामुक्त बनाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की समस्त महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।