पुष्केश्वर महादेव मंदिर पोखरी में श्रावण मास मे होगा शिव पुराण: षुष्कर पर्वत न्यूज/राजेन्द्र असवाल:
पोखरी(चमोली) श्रावण मास के पावन अवसर पर पुष्केश्वर महादेव मंदिर पोखरी में प्रस्तावित शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन को लेकर व्यापार संघ सभागार में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने कहा कि श्रावण मास में आयोजित होने वाला शिव महापुराण केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सभी क्षेत्रवासियों के सहयोग, सहभागिता और समर्पण से सफल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होने की अपील की। व्यापार संघ अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पुष्केश्वर महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले शिव महापुराण के लिए व्यापारियों का पूरा सहयोग रहेगा। उन्होंने कहा कि यह देवकार्य है और सभी व्यापारी तन-मन-धन से अपनी सहभागिता निभाएंगे। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शिव महापुराण का आयोजन पूरी श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक मर्यादा के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कथा के दौरान किसी भी प्रकार की राजनीति से दूर रहकर केवल धार्मिक और सामाजिक उद्देश्य को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा, सभासद गिरीश किमोठी, व्यापार संघ उपाध्यक्ष प्रदीप पुरोहित, महिंदर पंत, मंगल सिंह, विष्णु प्रसाद चमोला, संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।