श्रीगढ़ में पोखरी पेयजल लाइन फटने से मचा हड़कंप, घरों में घुसा पानी; ग्रामीण पाइप लाइन हटाने पर अड़े रहे।
पुष्कर पर्वत न्यूज/राजेन्द्रअसवाल: पोखरी:
पोखरी (चमोली)
विकासखंड पोखरी के श्रीगढ़ गांव में जल संस्थान की पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की लाइन फटने की आवाज से गांव में मची अफरा-तफरी, पानी की तेज धार के कारण पानी आसपास के खेतों और रास्तों के साथ कुछ लोगों के घरों के अंदर तक घुस गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर जल संस्थान के अवर अभियन्ता मनमोहन राणा ने तत्काल संबंधित क्षेत्र के फीटर से गांव के बाहर लाइन कटवाई गई।तब ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सोमवार को जल संस्थान कर्मी लाइन जोड़ने गये तो ग्रामीण का मुखर विरोध झेलना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार जिनेंद्र सिंह और जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील सैनी व सहायक अभियंता जगदीश पंवार मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन का जायजा लेते हुए समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों को भरोसा दिया। लेकिन ग्रामीण पाइप लाइन को गांव से बाहर से ले जाने पर अड़े है, समाचार लिखे जाने तक कोई हल नही निकला। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक पेयजल योजना की लाइन को गांव के बीच से हटाया नहीं जाता, तब तक वे पानी के इस कार्य को आगे बढ़ने नहीं देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन गांव के बीच से गुजरने के कारण भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं होने का खतरा बना रहेगा।
ग्रामीणों को लाख मनाने के बावजूद अधिकारियों की नहीं मानी।ग्रामीणों ने कहा जिलाधिकारी के लिखित आश्वासन पर ग्रामीण पानी पोखरी जाने देंगे।
मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, सभासद गिरीश किमोठी, राजस्व उपनिरीक्षक कुलदीप शाह, ग्राम प्रधान कल्पना देवी, महिला मंगल दल की रजनी देवी सहित ग्रामीण संदीप बर्तवाल, सौरभ बर्तवाल, मदन सिंह, संतोष सिंह, चंदन भंडारी और करन सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

