तहसील दिवस में 48 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण:

खबर शेयर करें:

तहसील दिवस में 48 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण:
पुष्कर पर्वत न्यूज/राजेन्द्रअसवाल:






पोखरी(चमोली)जिलाधिकारी के प्रतिनिधि उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रागड़ की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, कृषि, शिक्षा, उद्यान एवं पर्यटन से जुड़ी समस्याएं उठाईं।

अप्रैल के प्रथम  मंगलवार को ब्लाक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में कुल 48 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ प्रेषित किया गया। उपजिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में  ग्राम मयाड़ी के फते सिंह कंडारी ने पोखरी-मयाड़ी सीमा पर अतिक्रमण सीमांकन की शिकायत की। विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा ने नौली-धोतीधार मोटर मार्ग, सलना डांडा सड़क, पोखरी-हापला-गोपेश्वर मार्ग की खराब स्थिति को लेकर सुधार की मांग की।वहीं, विभिन्न ग्राम प्रधानों ने मनरेगा के तहत सामग्री भुगतान में देरी, पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने, गांवों में विद्युत तारों के झूलने, भूस्खलन से कृषि भूमि को नुकसान और बंदरों के आतंक जैसी समस्याएं उठाईं। पार्किंग व्यवस्था के अभाव और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर भी शिकायतें दर्ज की गईं। इसके अलावा, विनायकधार स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाउस के चार साल बाद भी संचालित न होने, शिक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ न मिलने, पेयजल किल्लत और सड़क निर्माण में देरी जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठे।

उपजिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार राम किशोर ध्यानी, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी,पीएमजीएसवाई के ईई मनमोहन बेनीवाल,प्रशासनिक अधिकारी  सिताबूलाल, जिला-पंचायत थालाबैड के सदस्य  बीरेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

खबर शेयर करें: