नाप खेतो से सड़क निर्माण का विरोध एसडीएम को दिया ज्ञापन:
पुष्कर पर्वत न्यूज/राजेन्द्र असवाल :
चमोली/पोखरी:
जनपद चमोली के विकास खण्ड पोखरी के चन्द्रशिला पट्टी मे चांदनीखाल-रडुवा,सड़क निर्माण को लेकर ग्राम जौरासी व किमोठा के ग्रामवासियों का विरोध थमने का नाम नही ले रहा है।ग्रामवासियो ने विरोध मे एसडीएम कमलेश मेहता को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन मे कहा गया है कि बिना सहमति के उनकी नाप कृषि भूमि से सड़क का निर्माण करवाया जाना गलत है।
जौरासी व किमोठा के ग्रामीणो ने ज्ञापन मे आरोप लगाया कि निर्माण एजेन्सी लोनिवि पोखरी द्वारा पोखरी-हापला सड़क के चांदनीखाल से रडुवा इंटर कालेज तक फिलहाल सड़क निर्माण होना है, लोनिवि पोखरी चांदनीखाल से सड़क निर्माण शुरू करने के बजाय एक किमी0 आगे ग्रामीणो के खेतो से बिना अनापित्त के सड़क ले जाना चाहता है, जो कि नियम विरुध है। इसके अलावा ग्रामीणो ने कहा कि उनके खेतो से यदि सड़क जाती है तो वे भूमिहीन हो जायेगे। वहीं रडुवा के ग्रामीणो ने सड़क निर्माण करने की मांग को लेकर चांदनीखाल मे दो दिन का धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम किया था, लोनिवि के तीन सप्ताह मे सड़क निर्माण शुरू करने का लिखित आश्वासन पर धरना-प्रदर्शन समाप्त हुआ था। ज्ञापन देने मे प्रधान विनोद लाल,धनेश्वरी देवी,जमोत्री देवी, देवेन्द्र कुमार,भगवती प्रसाद, महेशी देवी,भादू लाल, मनोरमा देवी,हेमा देवी,बेला देवी, सुनीता देवी,कमला देवी,वर्षा देवी,विमला देवी,विशेश्वरी देवी ,कुंवरी देवी सहित तमाम लोग मौजूद थे। ग्रामीणो के ज्ञापन पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार हरीशचंद्र पाण्डेय को जांच के आदेश दिए है।

