प्रधानों ने प्रदर्शन कर सौपा राज्य मंत्री को 10 सूत्रीय ज्ञापन :
षुष्कर पर्वत न्यूज/राजेन्द्रअसवाल:
पोखरी(चमोली)
यपोखरी विकासखंड में
राज्य मंत्री श्रृषि प्रसाद सती जोशीमठ
विकास संकल्प सेवा सम्मेलन की अध्यक्षता करने आए थे, प्रधानो ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पहले राज्य मंत्री ऋषि प्रसाद सती के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। उसके पश्चात प्रधानों ने दस सूत्रीय मांगों का
ज्ञापन मंत्री को सौंपा। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई रखी।
प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल रावत ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लंबे समय से ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष रखते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को गति देने और पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
ग्राम प्रधानों ने मानदेय ₹20 हजार प्रतिमाह करने, मनरेगा में ऑनलाइन उपस्थिति की बाध्यता समाप्त करते हुए ऑफलाइन व्यवस्था लागू करने, अकुशल श्रमिकों की मजदूरी ₹600 और कुशल श्रमिकों की ₹800 प्रतिदिन करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
इसके अलावा राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त की धनराशि बढ़ाने, जिला योजना में ग्राम प्रधान संगठन की भागीदारी सुनिश्चित करने, पंचायतीराज एक्ट के तहत चिन्हित 29 विभाग ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा विधायकों और सांसदों की तर्ज पर ग्राम प्रधान निधि की व्यवस्था करने की मांग रखी गई।
ग्राम प्रधानों ने ₹10 लाख तक के विकास कार्यों की कार्यदायी संस्था ग्राम पंचायत को बनाने, ग्राम प्रधानों का स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा कराने, पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना में प्राथमिकता देने तथा ग्राम पंचायतों पर प्रस्तावित ₹100 प्रतिमाह परिवार टैक्स की व्यवस्था में संशोधन की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधानों ने राज्य मंत्री के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

